'मेडिटेशन' के लिए विदेश गए राहुल, BJP बोली- कार्यक्रम सार्वजनिक क्यों नहीं करती कांग्रेस

October 30,2019

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर विदेश दौरे पर चले गए हैं. कहां गए हैं, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. कांग्रेस की ओर से बस इतना बताया गया है कि राहुल गांधी 'मेडिटेशन (ध्यान)' के लिए देश से बाहर हैं. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राहुल गांधी के इस दौरे पर निशाना साधा है और कहा है कि कांग्रेस पार्टी को उनके कार्यक्रम की जानकारी देनी चाहिए.

बता दें, इसके पहले राहुल गांधी 21 अक्टूबर के महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले कंबोडिया गए थे. वे चुनाव प्रचार के लिए हालांकि वापस आए और उन्होंने हरियाणा में दो और महाराष्ट्र में पांच रैलियों को संबोधित किया. उन्होंने अभी तक उपचुनाव के नतीजों पर कोई टिप्पणी नहीं की है, जहां कांग्रेस का प्रदर्शन तो अच्छा रहा लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाई. हालांकि कांग्रेस ने राहुल गांधी का बचाव किया.

कांग्रेस का बयान

राहुल गांधी के विदेश दौरे की जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, 'राहुल गांधी समय समय पर मेडिटेशन विजिट पर जाते रहे हैं, इसी क्रम में वे बाहर हैं. पूरा प्रोग्राम (देश की आर्थिक स्थिति पर 1-8 नवंबर तक केंद्र सरकार के खिलाफ 35 प्रेस कॉन्फ्रेंस) उनके निर्देश पर और उनसे मशविरा कर तैयार किया गया है.'