इस वर्ष कस्तूरचंद पार्क पर होगा भव्य दशहरा महोत्सव सनातन धर्म युवक सभा का आयोजन

September 19,2022

नागपुर : सनातन धर्म युवक सभा के तत्वावधान में 71वें दशहरा महोत्सव का भव्य आयोजन शहर के ऐतिहासिक कस्तूरचंद पार्क मैदान पर बुधवार 5 अक्टूबर को किया जा रहा है। कडबी चौक स्थित सनातन धर्म भवन में आयोजित विशेष सभा में यह जानकारी दी गई। कोरोना के कारण लगातार 2 वर्षों तक यह आयोजन इस मैदान पर नहीं किया जा सका था। सभा में इस वर्ष दशहरा समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलन साहनी को दी गई। कस्तूरचंद पार्क पर दशहरा महोत्सव के अस्थायी कार्यालय का उद्घाटन सोमवार 26 सितंबर को समाजसेवी श्रीमती उर्मिलादेवी अग्रवाल के हाथों संपन्न होगा। इसी कार्यालय से तमाम गतिविधियों का संचालन होगा और नियमित सभाएं होंगी। सभा में आयोजन को आकर्षक बनाने हेतु विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संदर्भ में चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा प्रकाशित की जा रही सामाजिक पत्रिका सनातन समाचार के विशेषांक का लोकार्पण भी किया जाएगा। सभा में अध्यक्ष प्राणनाथ साहनी व महासचिव संजीव कपूर के साथ योगराज साहनी, सुरिंदर साहनी, गुलशन साहनी, भूषणलाल शर्मा, प्रशांत साहनी, विनय सहगल, विनय ओबेरॉय, गौतम साहनी, सुधीर आनंद, सुधीर कपूर, अंकुश साहनी, कपिल साहनी, अनिल साहनी, सतीश खट्टर, नीरू खट्टर, गीता भाटिया, वीनाआनंद, नरेंद्र सतीजा आदि की उपस्थिति रही।