भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3.43 लाख नए मामले, 4 हजार लोगों की मौत

May 14,2021

नई दिल्ली, 14 मई | भारत में शुक्रवार को कोरोना के 3,43,144 नए मामले सामने आए। इस दौरान 4,000 लोगों की मौत हुई। इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने दी। पिछले 22 दिनों में भारत में तीन-लाख से ज्यादा कोरोना मामले और 3,000 से अधिक हताहतों की संख्या दर्ज की गई है।

बुधवार को, भारत में कोरोना संक्रमण से 4,205 लोगों की मौत हो गई है जबकि 7 मई को देश ने अपने अब तक के कोरोना के सबसे ज्यादा 4,14,188 मामले दर्ज किए थे।

भारत में कोविड -19 मामलों की कुल संख्या अब 2,40,46,809 है, जिसमें 37,04,893 सक्रिय मामले हैं और अब तक 2,62,317 लोगों की मौतें हुई हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 3,44,776 लोगों के ठीक होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया है। इसी के साथ कोरोना से 2,00,79,599 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 17,92,98,584 लोगों को टीका लगाया गया है, जिनमें 20,27,162 वे लोग शामिल हैं, जिन्हें पिछले 24 घंटों में टीके लगाए गए थे।

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के अनुसार, कोविड -19 के लिए 31,13,24,100 नमूनों का परीक्षण 13 मई तक किया गया है। इनमें से गुरुवार को 18,75,515 नमूनों की जांच की गई।